राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने शहीद आंदोलनकारियों को किया नमन
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए उनके संघर्ष,त्याग और बलिदान को याद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के अदम्य साहस का परिणाम है।

राज्य आंदोलन में महिलाओं, युवाओं, छात्रों और पूर्व सैनिकों समेत समाज के हर वर्ग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूरे कर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, पलायन रोकना और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

साथ ही उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को सुरक्षित रखते हुए राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें आंदोलनकारियों के बलिदान को याद करने के साथ ही उनके सपनों का उत्तराखण्ड बनाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। शहीदों के सपनों के अनुरूप विकसित और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
