रुड़की में कांग्रेस ने मनाई पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती, नेताओं ने उनके योगदान को किया याद
रुड़की में जिला कांग्रेस कमेटी के कैंप कार्यालय पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री और भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद ने की, जबकि संचालन कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष जसवीर सिंह प्रधान ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू एक शिक्षित, दूरदर्शी और राष्ट्र के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की आजादी और उसके विकास के लिए समर्पित कर दिया। आजाद भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना कर देश को विकास की नई दिशा दी।

उन्होंने युवाओं से नेहरू के विचारों और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा लेकर देश की तरक्की में योगदान देने की अपील की।वहीं महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि पंडित नेहरू के त्याग, संघर्ष और देश के निर्माण में दिए गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अनेक बड़े संस्थानों की स्थापना कर देश को मजबूत आधार दिया। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी नेहरू के जीवन को राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण बताते हुए उन्हें नमन किया।कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष यासमीन खान, जिला महामंत्री मोहित त्यागी, मुनफैत अली, गौरव अग्रवाल सहित कई कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।वहीं कार्यक्रम के समापन के बाद प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार में शामिल होने वाले सभी लोगों को पूरा सम्मान दिया जाएगा।इस अवसर पर नीरज सैनी, मुस्तकीम अहमद, तुषार अरोड़ा, शमशेर अली, डॉक्टर इरशाद मीर, मनोज सैनी, वीणा आनंद, वीरेंद्र शर्मा, रामपाल सिंह, प्रदीप कुमार, भीम सिंह, गौरव प्रधान, रवि, बिजेंद्र चौधरी, अक्षय कुमार गौतम, नौशाद, गफ्फार अली और सलमान खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
