रुड़की में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व,गंगनहर घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ को लेकर पूर्वांचल के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। रुड़की में भी छठ पर्व पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गंगनहर के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। छठ महापर्व को लेकर रुड़की के गंगनहर घाटों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर पूजा सामग्री और फल से भरे सूप लेकर घाटों पर पहुंचीं। वहीं श्रद्धालुओं ने गंगनहर के किनारे छठी मैया की पूजा-अर्चना कर विधि-विधान के साथ सूर्य देव को अर्घ्य दिया।चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का विशेष धार्मिक महत्व है। छठ पर्व में व्रती पूरी निष्ठा और नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद से पूजा की। जैसे ही डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का समय हुआ, पूरा घाट छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंज उठा।छठ पर्व की खास बात यह है कि इसमें केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना भी जुड़ी हुई है। यह महापर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी एकता का संदेश भी देता है।

रुड़की में रहने वाले पूर्वांचल के परिवार बड़ी संख्या में एक साथ मिलकर इस पर्व को मनाते हैं, जिससे यहां छठ की परंपरा और संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है।गंगनहर के घाटों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस पर्व को लेकर उत्साहित नजर आया। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और छठी मैया से परिवार की तरक्की एवं खुशहाली की प्रार्थना की।वहीं अब सोमवार सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। इसके लिए श्रद्धालु सुबह तड़के ही एक बार फिर घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य की उपासना करेंगे और अपना व्रत पूर्ण करेंगे।

रुड़की में छठ महापर्व को लेकर गंगनहर के घाटों पर दिखाई दी आस्था और श्रद्धा की यह तस्वीर हर किसी का मन मोह रही है।
