डायट रुड़की में कौशलम शिक्षक कार्यशाला के दूसरे दिन आत्म-जागरूकता और सोशल मीडिया पर हुई चर्चा
रुड़की। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) रुड़की के सभागार में चल रही कौशलम शिक्षक अभिमुखीकरण कार्यशाला के दूसरे दिन विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान आलोक द्विवेदी ने पिछले सत्र की आख्या प्रस्तुत की।मास्टर ट्रेनर प्रमोद कुमार सिंह ने विद्यार्थियों के जीवन में स्व-जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी का अपने विचारों, भावनाओं और क्षमताओं के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों के प्रति शिक्षकों के कर्तव्यों और सूचना एवं प्रौद्योगिकी के महत्व पर भी चर्चा की।वहीं कार्यक्रम प्रभारी एवं प्रवक्ता अनीता वर्मा ने विद्यार्थियों पर सोशल मीडिया के प्रभाव विषय पर चर्चा की। इस दौरान शिक्षकों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। मास्टर ट्रेनर लाल सिंह ने विद्यार्थियों के फैसिलिटेशन में शिक्षक की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा दिखाने और उनकी प्रतिभा निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यशाला में सफलता और असफलता को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर रेखा रावत, अनीता कर्णवाल, डॉ. एकता सैनी, सुखदेव सैनी, अनुज, अभिषेक, मंजू पवार, एप्रे, तुषार पुष्कर, परविंदर कुमार, मनोहरी भंडारी, नवीन सैनी और सुशील कुमार रमन सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
