श्रीनगर को सीएम धामी की सौगात, 9.13 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास; 9 साल बाद शुरू हुई सिटी बस सेवा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर स्थित श्रीयंत्र टापू में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देते हुए 9.13 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 9 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। श्रीनगर पहुंचने पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब नौ साल बाद श्रीनगर में शुरू हुई सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही शहर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया। सिटी बस सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं ईवी चार्जिंग स्टेशन से पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखण्ड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 2 लाख 1 हजार 530 रुपये के चेक वितरित किए। साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट भी प्रदान की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर के विकास को नई गति देने के लिए 9 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी। नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका, रेन वाटर हार्वेस्टिंग पार्क, सड़क और नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क सहित विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी थी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकास, सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। पौड़ी जिले में भी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है,

जिसका लाभ स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी मिल रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा दे रही हैं। चारों धामों को ऑल वेदर रोड से जोड़ने का काम किया गया है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इस रेल मार्ग पर श्रीनगर में भी स्टेशन बनाया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बच्चों के साथ उनका आत्मीय संवाद भी देखने को मिला। कॉलेज गेट के पास विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री अपने प्रोटोकॉल से हटकर वाहन से नीचे उतरे और बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी भी काफी उत्साहित नजर आए।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, महापौर आरती भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
