मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार्यों का लिया जायजा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में विधानसभा सत्र के बाद देहरादून लौटते समय श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित इंजीनियरों से कार्यों की स्थिति तथा आगामी योजना की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि सड़कें प्रदेश में आवागमन के साथ पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना और संवेदनशील स्थानों पर जरूरी सुधार कार्य समय पर पूरा करना आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य की सफलता उसकी गुणवत्ता, समयबद्धता और उपयोगिता पर निर्भर करती है। इसलिए संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने और तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश भी दिए।इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर काम कर रहे इंजीनियरों और श्रमिकों से बातचीत की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने में इंजीनियरों और श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उनके परिश्रम और तकनीकी दक्षता से ही विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जाता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंजीनियरों और श्रमिकों के साथ फोटो भी खिंचवाई।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क सुविधाओं को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपचारात्मक कार्यों को मजबूती और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
