October 10, 2026

दिल्ली की गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखे चोरी के जेवर बरामद

0
IMG-20261009-WA0054

मंगलौर पुलिस ने शत-प्रतिशत माल किया बरामद, आरोपी ने 2.51 लाख रुपये का लिया था ऋण

मंगलौर। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने ग्राम उदलहेड़ी में हुई चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने चोरी के सोने के जेवरात बेचने के बजाय दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन कंपनी की शाखा में गिरवी रखकर 2 लाख 51 हजार 200 रुपये का ऋण लिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोल्ड लोन कंपनी से शेष जेवरात बरामद कर लिए। यह कार्रवाई एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई,पुलिस के अनुसार, मंगलौर कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 411/2026 के संबंध में आरोपी को तीन अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया गया था। उस दौरान उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के शेष जेवरात दिल्ली में गोल्ड लोन कंपनी की शाखा में गिरवी रखने की जानकारी दी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने सात अगस्त 2026 को जेवरात गिरवी रखकर ऋण प्राप्त किया था।

इसके बाद मंगलौर पुलिस ने आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) लेकर दिल्ली पहुंचकर उसकी निशानदेही पर संबंधित शाखा से चोरी के शेष जेवरात बरामद किए। कंपनी के अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस तरह चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की। पूरी बरामदगी होने पर वादी ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।

ये जेवरात हुए बरामद: पुलिस ने पीली धातु की दो अंगूठियां, दो जोड़ी कानों के कुंडल, एक नथ, एक मांग टीका और एक चेन बरामद की है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल: उपनिरीक्षक सूरत शर्मा, कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल किशन देव राणा और होमगार्ड सचिन कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!