नगर निगम सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह का किया गया आयोजन,मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित
रुड़की। भारतीय बाल्मीकि धर्म समाज की ओर से नगर निगम सभागार में शिक्षा जागरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने, विभिन्न क्षेत्रों में भागीदारी बढ़ाने और आरक्षण में वर्गीकरण लागू करने की मांग उठाई गई। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति को ज्ञापन भी सौंपा गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने आरक्षण में वर्गीकरण की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर उत्तराखंड में इसे लागू करने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में सभी को समानता के साथ जीने का अधिकार है।

भारतीय बाल्मीकि धर्म समाज के मुख्य संचालक एवं पंजाब के राज्य मंत्री वीरेश विजय दानव ने कहा कि समाज को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए मजबूती से आगे आना होगा। उन्होंने पंजाब और हरियाणा की तर्ज पर पूरे देश में वर्गीकरण के आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की।
उत्तराखंड माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति ने समाज के योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं, राज्य कर्मचारी आयोग के सदस्य एवं भावधस के प्रदेश अध्यक्ष विनय प्रताप ने कहा कि समाज के युवा शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल करने, निकायों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को ठेका प्रथा से मुक्त कर नियमित करने और उनके वेतन में वृद्धि करने की मांग उठाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय दानव ने की, जबकि संचालन रजनीश टिकोला ने किया। इस दौरान वंदना कांगड़ा को महिला विंग का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, लक्ष्मी देवी, अजय बिरला, प्रदीप ढलोड, आकाश कांगड़ा, राजेंद्र चौहान, विनोद गुजराल, अमर बेनीवाल, रवि चोटाला, सचिन चाछर, साक्षी कांगड़ा, अमित तलवार, गौरव चौहान, नीरज चंचल, राकेश चंद्रा, रविंद्र साजन, आकाश चोटाला, रवि टांक, गौरव पोहीवाल, विनायक और नवनीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
