October 14, 2026

शहीदों की स्मृति में सजा कबड्डी का मैदान, हरिद्वार की टीमों ने जीतीं दोनों ट्रॉफियां

0
IMG-20261012-WA0048(1)

रुड़की। शहीद विकास सैनी एवं सोनीत सैनी की स्मृति में सोमवार को इमलीखेड़ा स्थित फीनिक्स यूनिवर्सिटी में मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में पुरुष और बालिका वर्ग की टीमों ने दमखम दिखाया। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबलों में हरिद्वार की टीमों ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला गुरुकुल कांगड़ी, हरिद्वार और रांगड़वाला की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में गुरुकुल कांगड़ी की टीम ने जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल में गुरुप्रस्त अकादमी, हरिद्वार ने सैफिल्ड स्कूल की टीम को हराकर ट्रॉफी जीती। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों में उत्साह भर दिया।

मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मेहनत करने और अपने क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रतियोगिता की प्रायोजक रोमा सैनी के संयोजन में हुए आयोजन का उद्देश्य शहीदों की स्मृतियों को सम्मान देने के साथ क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना रहा। खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के चेयरमैन चैंपियन सूरज रोड और कोषाध्यक्ष रचना देवी के नेतृत्व में प्रतियोगिता आयोजित की गई।

इस अवसर पर राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, पूर्व प्रदेश महामंत्री मयंक गुप्ता, चंचल चौधरी, चौधरी योगी रोड, विक्रम गर्ग, राजीव गर्ग, अभिषेक मित्तल, नवनीत सिंह, रामगोपाल कंसल, अरुण सिंह और सेवाराम सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से बालक और बालिका खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!