रुड़की एनसीसी शिविर में ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी ने कैडेटों को अनुशासन,शिक्षा और मोबाइल के संतुलित उपयोग का दिया संदेश
रुड़की में 10 यूके बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में आज कैडेटों को प्रेरित करने के लिए विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस दौरान एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रुड़की के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कैडेटों को शिक्षा, अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य, परिस्थितियों के प्रति सजगता और मोबाइल के संतुलित उपयोग का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि एक सफल विद्यार्थी और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए समय का सही उपयोग, अनुशासित जीवन और शारीरिक फिटनेस बेहद जरूरी है। ब्रिगेडियर भंडारी ने कैडेटों से मोबाइल का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में 529 एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मुख्य अतिथि के प्रेरणादायक विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। अंत में शिविर प्रशासन ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सत्र कैडेटों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाने वाला साबित हुआ।
