गंगा घाट से अगवा 4 माह की मासूम बरामद,3 लाख में बेचने की साजिश का खुलासा
हरिद्वार में गंगा घाट से लापता हुई चार माह की मासूम बच्ची को पुलिस ने 14 दिन बाद सकुशल बरामद कर लिया है। 28 मई को विष्णु घाट पर सो रहे संभल निवासी परिवार की बच्ची अचानक गायब हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस संदिग्धों के पीछे हावड़ा और उत्तर प्रदेश के कई शहरों तक पहुंची।

आखिरकार पुलिस ने हरिद्वार के ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित एक झोपड़ी में छापेमारी कर बच्ची को बरामद कर लिया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी दंपति लाल बहादुर और प्रीति रानी ने बताया कि वे अपने साथी सत्यपाल के कहने पर एक बच्चे को तीन लाख रुपये में बेचने की योजना बनाकर हरिद्वार आए थे। आरोपियों ने विष्णु घाट से एक शिशु का अपहरण किया, लेकिन बाद में पता चला कि वह बच्चा नहीं बल्कि बच्ची है। इसके बावजूद वे उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की कोशिश में जुटे हुए थे।गिरफ्तार दंपति इटावा के रहने वाले हैं, जबकि उनका साथी सत्यपाल हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र का निवासी है। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस टीम की सराहना की है।
