मंगलौर पुलिस का वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा,8 चोरी की बाइक बरामद
मंगलौर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी रुड़की कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा का रहने वाला बताया गया है। मंगलौर सीओ अभिनय चौधरी के मुताबिक, एक वाहन चोरी की घटना की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 8 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक बाइक के स्पेयर पार्ट्स अलग किए हुए मिले। पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिलों के पार्ट्स निकालकर बेचते थे और पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट भी बदल देते थे। पूछताछ में मंगलौर नारसन बॉर्डर के अलावा पुरकाजी, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर क्षेत्र से बाइक चोरी करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और चोरी के पार्ट्स खरीदने वालों की तलाश में जुटी है।
