September 26, 2026

हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों पर मंथन,एडीजी ने निर्माण कार्य समय से पूरा करने के दिए निर्देश

0
IMG-20260925-WA0037

हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 सितंबर को अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन एपी अंशुमान की अध्यक्षता में रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में कुंभ मेला पुलिस, हरिद्वार पुलिस, यातायात, जीआरपी, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सबसे पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने निर्माण कार्यों और अब तक की गई तैयारियों को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में कुंभ मेले से जुड़े बड़े और छोटे निर्माण कार्यों, मेला नियंत्रण भवन, पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन और अस्थायी थाने व चौकियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही कुंभ कोर क्षेत्र में होल्डिंग और पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण तथा भूमि अधिग्रहण की स्थिति की भी जानकारी ली गई।इसके अलावा मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए तैयार की गई आपात योजना, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत पर भी चर्चा हुई। कुंभ क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की तैनाती, वाहनों की उपलब्धता, बजट और अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता की भी समीक्षा की गई।एडीजी प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रचलित और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि कुंभ मेला-2027 के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!