झबरेड़ी कला में प्रेम प्रसंग के शक में डबल मर्डर, पड़ोसी के बाद बहन को भी मारी गोली
रुड़की के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कला गांव में प्रेम प्रसंग के शक को लेकर हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। एक युवक ने पहले पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मारी और इसके बाद अपनी ही बहन को भी गोली मार दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात किया गया है।बताया जा रहा है कि गांव निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोसी युवक मुन्ना और सूरज के साथ प्रेम प्रसंग का शक था। इसी बात को लेकर करीब एक साल पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।

शनिवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक बार फिर विवाद बढ़ गया।आरोप है कि अमन तमंचा लेकर मुन्ना के घर पहुंचा और उसे गोली मार दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और बहन रूपा को भी गोली मार दी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।एक के बाद एक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल तमंचे को लेकर भी जांच कर रही है।
