अंकिता भंडारी को न्याय की मांग,रुड़की के ढंडेरा में सैकड़ों लोगों ने निकाला मौन जुलूस
रुड़की में उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर उन्हें न्याय दिलाने की मांग को लेकर मौन जुलूस निकाला गया। अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति और उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति के संयुक्त तत्वावधान में निकाले गए इस जुलूस में सैकड़ों स्थानीय लोग और आंदोलनकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों को कठोर सजा देने और मामले से जुड़े कथित वीआईपी के नाम का खुलासा करने की मांग उठाई। मौन जुलूस शिव चौक बुचड़ी फाटक से शुरू हुआ,जो प्राचीन शिव मंदिर ढंडेरा और शिवालिक पब्लिक स्कूल होते हुए वापस शिव चौक पहुंचा।

जुलूस में शामिल लोगों ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग की।इस अवसर पर अशोक नगर क्षेत्रीय विकास समिति एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संघर्ष समिति के केंद्रीय अध्यक्ष हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के दोषियों को सजा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन जीवनानंद बुडाकोटी ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह की घटना देवभूमि और सैन्य भूमि के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सभी लोगों से एकजुट होकर दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग करने की अपील की। राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र सिंह रावत ने आरोप लगाया कि मामले में भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के कारण न्याय को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन को और तेज करने की जरूरत है।शिवाजी कॉलोनी एवं कुमाऊनी समिति के पूर्व अध्यक्ष देव सिंह सावंत ने कहा कि चार वर्ष बीतने के बाद भी दोषियों को सजा नहीं मिलना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

वहीं सुशील रावत और अनिल उप्रेती ने भी न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।शकुंतला सती ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाए और अंकिता को न्याय दिलाने की मांग की। उदय सिंह पुंडीर ने भी सरकार की कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।रीतू कंडियाल जुयाल ने सीबीआई की जांच को लेकर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि जांच में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई जा रही है। वहीं सुरेश कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी को न्याय दिलाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सीबीआई के केंद्रीय निदेशक और उत्तराखंड प्रभारी, देहरादून को शीघ्र न्याय की मांग को लेकर ज्ञापन भी भेजा गया। मौन जुलूस में समिति के महामंत्री शिव चरण बिंजौला, वार्ड 11 ढंडेरा के सभासद दिनेश नेगी, सरोज बड़थ्वाल, रामेश्वरी खंतवाल, विद्या नेगी, ज्योति प्रसाद कोटनाला, सुरेंद्र सिंह बिष्ट अध्यक्ष शिवाजी नगर, एच.डी. देवरानी, पिताम्बर देवरानी, हुक्म सिंह बिष्ट, जगदीश खड़ायत, सुरेश बिष्ट, जस राम ढौंडियाल, विजय सिंह रावत आजाद नगर, कुलदीप नेगी, वीरेंद्र बिष्ट, ललित पंत, चेता रावत, मालती नेगी, मुकेश चमोली, हयात सिंह रौथाण, महादेव पाण्डेय, सूरज राणा, बी.एस. बिष्ट, एच.एस. बिष्ट, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, शुभम, रामेश्वर चंदोला, के.आर. बंगवाल और भारत सिंह चौहान सहित सैकड़ों स्थानीय निवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में शिव चौक पर मोमबत्तियां जलाकर अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि दी गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
