आईआईटी रुड़की में 19 और 20 सितंबर होगा दीक्षांत समारोह कार्यक्रम
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की का दीक्षांत समारोह 19 और 20 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय समारोह में संस्थान के 2701 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। इस दौरान शिक्षा,अनुसंधान, नवाचार और देश के विकास में तकनीकी संस्थानों की भूमिका पर भी जोर दिया जाएगा। दीक्षांत समारोह के पहले दिन 19 सितंबर को स्नातक विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम होगा। मुख्य अतिथि के रूप में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल समारोह को संबोधित करेंगे। वहीं,पूर्व सॉलिसिटर जनरल और आईआईटी रुड़की के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष अधिवक्ता हरीश साल्वे समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
दूसरे दिन 20 सितंबर को स्नातकोत्तर और पीएचडी विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इस दिन हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। संस्थान की ओर से बताया गया कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और उपलब्धियों का उत्सव है। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ अनुसंधान, नवाचार और समाज के लिए उपयोगी तकनीक विकसित करने पर लगातार काम कर रहा है। समारोह में विद्यार्थी, उनके परिवार और संस्थान के शिक्षक भी शामिल होंगे।
