नव निर्वाचित मेयर के स्वागत को लेकर नगर निगम को चमकाने का कार्य शुरु….

ब्यूरो रिपोर्ट
रुड़की। नगर निगम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी गौरव गोयल द्वारा भारी मतों से जीत दर्ज करने के बाद नये मेयर के स्वागत को नगर निगम को चमकाने का काम शुरु किया गया है। इसके साथ ही 40 पार्षदों के बैठने की उचित व्यवस्था भी निगम द्वारा की जा रही है।
नगर निगम चुनाव में भाजपा से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में मैदान में उतरें गौरव गोयल ने कांग्रेस के प्रत्याशी रिशु राणा को 3451 मतों से शिकस्त देकर विजय प्राप्त की थी। जबकि भाजपा प्रत्याशी मयंक गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे थे। पूरे नगर निगम क्षेत्र सेे निर्दलीय प्रत्याशी गौरव गोयल को जनसम्पर्क के दौरान अत्याधिक प्यार मिला जिसकी बदौलत वह भारी मतों से विजयी हुए। गौरव गोयल अगले सप्ताह नेहरु स्टेडियम में शपथ लेने के बाद नगर निगम का कार्यभार संभालेंगे। नये मेयर के स्वागत को नगर निगम चमकाने के लिए रंग पेंट के साथ ही साफ सफाई व 40 पार्षदों के बैठने की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जा रही है। शपथ ग्रहण को लेकर नव निर्वाचित मेयर गौरव गोयल ने नगर निगम अधिकारियों के साथ अपने आवास पर बैठक की। गौरव गोयल ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह भव्य तरीके से होगा जिसमें नगर के तमाम लोगों को आमंत्रित किया जायेगा। उन्होंने निगम अधिकारियों से साफ सफाई के साथ ही नगर निगम क्षेत्र की अनेक समस्याओं पर वार्ता की।