रूड़की में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़,दो आरोपी गिरफ्तार
रुड़की साइबर सेल और सीआईयू की संयुक्त टीम ने साइबर अपराध से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 48 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त रकम को छिपाने और निकालने के लिए CSC सेंटरों तथा पेट्रोल पंपों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। गिरोह लोगों को विभिन्न बहाने बनाकर अपने जाल में फंसाता था और नकद रुपये लेकर उनके खातों में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करता था। बाद में साइबर शिकायत दर्ज होने पर संबंधित खाते फ्रीज हो जाते थे और लोगों को अपने साथ हुई ठगी का पता चलता था।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बरामद मोबाइल फोन की जांच में कई संदिग्ध QR कोड और व्हाट्सएप चैट मिली हैं, जिनसे गिरोह के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित चौहान और विशाल चौहान निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
